पूर्व सैनिक ने बुढ़ापे में वृद्धा का साथ छोड़ा तो उसने गुजारा भत्ता दिलाने की मांग की है। वृद्धा ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में शिकायत की। शिकायत पर संज्ञान लेकर पूर्व सैनिक को नोटिस जारी किया गया है। मामले की सुनवाई के लिए 14 अप्रैल की तारीख तय की गई है।
थाना भोगांव के निजामपुर निवासी किशन सिंह सेना में सूबेदार के पद पर नौकरी करते थे। रिटायर होने के बाद वह मोहल्ला गड्ढ़ा में अपना मकान बनाकर रहने लगे हैं। एक साल पहले किशन सिंह ने अपनी पत्नी सत्यवती को घर से निकाल दिया है। पति द्वारा घर से निकाले जाने के बाद सत्यवती गांव में रहने लगी है। सत्यवती द्वारा कई बार पंचायत कराने के बाद भी किशन सिंह उसको अपने साथ नहीं रखना चाहते हैं।
सत्यवती ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में शिकायत की है। शिकायत में कहा है कि उसके पति किशन को 60 हजार रुपये पेंशन मिलती है। वह उसको खाना खर्चा भी नहीं दे रहा है। 60 साल की वृद्धा ने अपने पति से गुजारा भत्ता के रूप में हर महीने 25 हजार रुपया दिलाने की मांग की है।
वृद्धा की शिकायत पर संंज्ञान लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव नम्रता ने किशन सिंह को नोटिस जारी किया है। सत्यवती की शिकायत पर सुनवाई करके निस्तारण के लिए 14 अप्रैल की तारीख तय कर दी है।