मैनपुरी। शहर के मोहल्ला गाड़ीवान में बुधवार की शाम टूटी पानी की पाइप लाइन ठीक नहीं हो सकी है। भूमिगत लाइन किस जगह पर टूटी है इसका पता चार दिन बाद भी नहीं चल सका है। गैस लाइन बिछा रही कंपनी का ठेकेदार बिना लाइन ठीक किए ही भाग गया। नगर पालिका भी अभी तक इसे ठीक करने में असफल रही है। इससे विभिन्न मोहल्लों के करीब छह हजार घरों में पानी की सप्लाई नहीं पहुंच पा रही है। लोग पानी के लिए परेशान हैं।
शहर में कई स्थानों पर गैस और टेलीफोन की लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। नगर पालिका प्रशासन का कहना है किसी ने भी लाइन बिछाने की उनके यहां से अनुमति नहीं ली है। बुधवार की शाम मोहल्ला गाड़ीवान में गैस लाइन बिछाने के दौरान भूमिगत पानी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। लाइन से रिसाव होकर पानी कुछ घरों की नींव में भरने लगा तो पानी की सप्लाई बंद कर दी गई। स्थानीय निवासी सुदेश कुमार सक्सेना ने बताया कि पानी नींव में भरने से उनका मकान बैठ गया है। ऐसे में नगर पालिका पानी की सप्लाई देता है तो लोगों के घर बैठने संभावना बढ़ जाएगी। वहीं बृहस्पतिवार से लीकेज ढूंढने में जुटे अधिकारी और कर्मचारी अभी तक यह पता नहीं लगा सके हैं कि लाइन किस स्थान पर टूटी है।
यह क्षेत्र प्रभावित
शहर के मोहल्ला गाड़ीवान, सरावग्यान, आगरा रोड, महमूद नगर आदि क्षेत्रों के लगभग छह हजार घरों की पेयजल आपूर्ति बाधित है।
-------
100 से 200 मीटर दूर से ला रहे
चार दिन से पानी की सप्लाई बाधित होने से प्रभावित मोहल्लों के लोग घर से 100 से 200 मीटर दूर स्थित हैंडपंपों से पानी लाने को मजबूर हैं। कई लोग पड़ोसी जिनके यहां सबमर्सिबल लगा है, वहां से पानी मांग रहे हैं।
-----
नगर पालिका के कार्यालय प्रभारी वरुण मिश्रा का कहना है कि पानी की लाइन कहां टूटी है, पिछले तीन दिन से लगातार इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यदायी संस्था का ठेकेदार भाग गया है। उसके आदमी सहयोग नहीं कर रहे हैं। इस संबंध में जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है।
------
चार दिन से पानी की सप्लाई बाधित है। घर से 200 मीटर दूरी पर स्थित हैंडपंप से पानी लाना पड़ रहा है। नगर पालिका की टीम जगह-जगह खोदाई कर रही है। अभी तक यह पता नहीं लगा है कि लाइन कहां टूटी है।
कन्हैयालाल, गाड़ीवान
------
पानी की सप्लाई बाधित होने के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं दूसरी तरफ घरों के नीचे पानी जाने का भी खतरा दिखाई दे रहा है। नगर पालिका प्रशासन को इस ओर शीघ्र ध्यान देना चाहिए।
बबलू पहलवान, सरावग्यान
------
चार दिन से पानी के लिए लोग परेशान हैं। दूसरों के घरों से जहां सबमर्सिबल लगा है पानी मांगना पड़ रहा है। गर्मी में पानी की मांग भी बढ़ रही है। ऐसे में इस समस्या का शीघ्र समाधान होना चाहिए।
सुदेश कुमार सक्सेना, गाड़ीवान
----
जो भी संस्था शहर में गैस या अन्य लाइन बिछा रही हैं इन्हें पहले नगर पालिका प्रशासन से नक्शा लेना चाहिए। गर्मी के मौसम में पानी की सप्लाई बाधित होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
लालू कुमार, सरावग्यान
-----
पानी की पाइप लाइन किस स्थान पर टूटी है यह पता नहीं चल पाया है। गैस लाइन बिछा रही कार्यदायी संस्था के लोग भाग गए हैं। ऐसे में यदि पानी छोड़ा जाता है तो वह घरों की नींव में भरेगा, जिससे लोगों के मकान बैठने का खतरा है। उम्मीद है शीघ्र लाइन ठीक कराते हुए पानी की सप्लाई शुरू की जाएगी।
लालचंद भारती, ईओ, नगर पालिका।