कासगंज। सुल्तानपुर में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या करने और अलीगढ़ में अधिवक्ता को गाेली मारने की घटना से अधिवक्ताओं में आक्रोश है। अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। इसके साथ ही प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग उठाई। अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से विरत रहने से वादकारी परेशान हुए। कासगंज बार एसोसिएशन की बैठक न्यायालय परिसर में आयोजित की गई। बैठक में एसोसिएशन अध्यक्ष योगेश शर्मा ने कहा कि अधिवक्ताओं के साथ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रहीं हैं। सुल्तानपुर में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जबकि अलीगढ़ में अधिवक्ता अब्दुल मुफीद को गोली मार दी गई। पूर्व में भी अधिवक्ताओं के साथ वारदात हो रही है। अधिवक्ता काफी समय से प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग कर रहे हैं। इस मांग को अभी तक पूरा नहीं किया गया है। इस मांग को जल्द पूरा किया जाए। मांग के संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन रजिस्ट्री के माध्यम से भेजा गया है। इस दौरान महासचिव चेतन चौहान, प्रमोद कुमार पुंडीर, शारदा प्रसाद सक्सैना, प्रभात माहेश्वरी, रवेंद्र कुशवाह, ललित वार्ष्णेय, अप्राजित रावत, दुष्यंत गौतम, कैलाश चंद्र राजपूत, चूड़ामनी, गुलशन गौड़ आदि मौजूद रहे।