कासगंज। सहावर थाना क्षेत्र के एक गांव में संचालित ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक ने धोखाधड़ी करके युवक के खाते से 29999 रुपये निकाल लिए। जानकारी होने पर युवक ने ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक के खिलाफ कोर्ट के आदेश से रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल कर रही है। सहावर थाना क्षेत्र के ललुपुरा गांव में हृदेश कुमार ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करता है। उसने बीते 6 नवंबर 2022 को गांव निवासी युवक राकेश कुमार के खाते से कई बार में 29999 रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज आने पर युवक को इस बात की जानकारी हुई। बैंक पहुंचकर युवक ने इसकी शिकायत की। बैंक से युवक को पता चला कि ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक हृदेश कुमार द्वारा रुपये निकाले गए है। युवक ने ग्राहक सेवा संचालक से इस संबंध में बातचीत किया। आरोप है कि इस दौरान संचालक ने युवक के साथ विवाद कर उसे गालियां दी। इस पर पीड़ित युवक थाने पहुंचकर प्रकरण से पुलिस को अवगत कराया। लेकिन पुलिस भी कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर युवक ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। सहावर थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच पड़ताल में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।