डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में इसी वर्ष गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जीएसटी) का सर्टिफिकेट कोर्स शुरू होना है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने दो अक्तूबर को महात्मा गांधी की जयंती से कोर्स शुरू करने की योजना बनाई थी लेकिन अभी तक छात्र-छात्राओं से आवेदन मांगे जा रहे हैं। कोर्स आवेदन की अंतिम तारीख तीन अक्तूबर है।
पहले जीएसटी कोर्स के लिए 30 सीट की योजना थी। अब यह संख्या बढ़ाकर 50 कर दी गई है। वहीं छह माह के कोर्स में तीन माह थ्योरी पढ़ाई जाएगी और तीन माह प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रवेश शुल्क 10 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। 20 सितंबर के बाद विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर आनलाइन आवेदन का विकल्प दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक अभी आवेदन निर्धारित सीट से बहुत कम है। संभावना है कि आवेदन तिथि और बढ़ानी पड़ेगी। कोर्स के लिए स्नातक होना जरूरी है। डा. गिरजाशंकर शर्मा का कहना है कि कोर्स के लिए आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। कुछ देरी जरूर हुई है। अक्तूबर मध्य तक कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।