मथुरा के गोवर्धन में शौच को गए पोस्टमास्टर को भवन स्वामी ने शौचालय में कैद कर दिया। एक घंटे बाद पहुंचे डाककर्मियों ने पोस्टमास्टर को शौचालय खुलवा कर बाहर निकाला।
गोवर्धन का डाकघर डीग अड्डा पर गोकुल कॉम्प्लैक्स में है। सोमवार शाम पोस्टमास्टर आईपी सिंह कॉम्प्लैक्स में बने शौचालय गए थे। आरोप है कि भवन स्वामी ने शौचालय बाहर से बंद कर दिया।
वे चिल्लाते रहे, लेकिन मकान स्वामी ने एक न सुनी। एक घंटे तक पोस्टमास्टर के न लौटने पर पहुंचे डाककर्मियों ने पोस्टमास्टर को शौचालय खुलवा कर बाहर निकाला। पोस्टमास्टर आईपी सिंह ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि कॉम्प्लैक्स में चल रहे डाकघर का किराया 4800 रुपये प्रतिमाह है, मगर भवन स्वामी 20 हजार रुपये की मांग कर रहा है। इसके चलते वे कभी शौचालय बंद कर देते हैं और कभी गालीगलौज का प्रयोग करते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।