आगरा में एक कोरोना योद्धा के उत्पीड़न का मामला सामने आया है। यहां कोरोना से जंग में जुटे स्वास्थ्यकर्मी ने मकान मालिक पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मकान मालिक कहते हैं कि तुम अस्पताल में काम करते हो, तुमसे कोरोना फैलने की आशंका है। मकान खाली करने का दबाव बना रहे हैं। बाथरूम पर ताला लगा दिया, इस कारण वो रिश्तेदार के घर रहने को मजबूर हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिचपुरी पर एलटी के पद पर तैनात धर्मेश कुमार वेस्ट अर्जुननगर में किराए पर रहते हैं। उन्होंने बताया कि डेढ़ साल पहले दो कमरे किराए पर लिए थे। इसमें एक बाथरूम भी था।
आरोप है कि मकान मालिक उनका शोषण कर रहे हैं, कहते हैं कि तुम कोरोना के दौरान अस्पताल में काम कर रहे हो। वो कोरोना फैलने की आशंका जताते हैं। साथ ही लोगों से उनके वाहन को छूने और बात करने के लिए मना करते हैं। इससे धर्मेश और उनकी पत्नी तनाव में हैं।