मकान मालिक ने पूछताछ में बताया कि उसके ऊपर कर्ज हो गया था। वह लोन की किस्त समय पर नहीं चुका पा रहा था। इस कारण उसके मन में लालच आ गया। उसने माइक्रो फाइनेंस बैंक में चोरी की।
आगरा के मलपुरा में अजीजपुर-धनौली स्थित माइक्रो फाइनेंस कंपनी भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन बैंक के कार्यालय के ताले तोड़कर लगभग 11 लाख रुपये चोरी किए गए थे। पुलिस ने वारदात का 24 घंटे में खुलासा कर दिया। जिस मकान में फाइनेंस कंपनी का कार्यालय संचालित है, उसी के मालिक ने लालच में आकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
विज्ञापन
पुलिस ने आरोपी मकान मालिक हरीश गोयल को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मकान के सामने दूध की डेयरी से करीब 10,98,200 रुपये और गांव मिर्जापुर के पास झाड़ियों से कैमरों की डीवीआर भी बरामद कर ली।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी हरीश गोयल ने बताया कि उसे पता था कि बैंकों की 2 दिन की छुट्टी है। इसलिए उसमें पैसा रखा हुआ होगा। उसके ऊपर कर्ज हो गया था। वह लोन की किस्त समय पर नहीं चुका पा रहा था। इस कारण उसके मन में लालच आ गया। उसने कार्यालय के ताले तोड़ दिए। इसके बाद तिजोरी को सब्बल से तोड़कर सारी रकम चोरी कर ली।
विज्ञापन
पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जोन अतुल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने सोमवार सुबह से ही मकान मालिक हरीश गोयल पर शक जाहिर करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी थी। जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने पूरी घटना कुबूल कर ली। मलपुरा पुलिस और एसीपी सैंया डॉ. सुकन्या मामले की जांच कर रही थीं। चोरी का पूरा पैसा मिल गया है।