फोटो 1 फाइल फोटो मृतक ओमवीर परिजन द्वारा उपलब्ध
खेरागढ़। कश्मीर से शनिवार को अपने गांव नगला पलटू (जगनेर) लौट रहे एक युवक की बस में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में चीख पुकार मच गई।
ग्राम नगला पलटू निवासी ओमवीर (40) पुत्र केसरम पिछले करीब 15 वर्षों से कश्मीर में रहकर पत्थर की घिसाई का काम करते थे। उनके पास खुद की कोई जमीन नहीं थी। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र, एक पुत्री और पांच भाइयों का संयुक्त परिवार है। मृतक के पिता केसरम ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से ओमवीर को लगातार बुखार आ रहा था। बीमार होने के कारण ही वह कश्मीर से अपने गांव लौट रहा था। आगरा से जगनेर जाने वाली बस में वह सरेंधी के लिए सवार हुआ था। बस के परिचालक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि शाम करीब 5 बजे कागारौल के पास ओमवीर को अचानक तेज घबराहट होने लगी। बस में मौजूद यात्रियों ने इसकी सूचना परिचालक को दी, जिसके बाद ओमवीर को पानी पिलाया गया और यात्रियों ने हाथ-पैर दबाकर राहत देने का प्रयास किया। इसके बावजूद ओमवीर की हालत बिगड़ती चली गई और कुछ ही देर में वह बेहोश हो गया। बस को दूधाधारी पुलिस चौकी पर रोका गया। युवक को ऑटो की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेरागढ़ पहुंचाया, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।