कासगंज। सहावर के नगला मोहन में यूकेलिप्टस के बाग में कटाई करते समय पेड़ सिर के ऊपर गिर जाने से मजदूर की मौत हो गई।
ढोलना के नगला जोर निवासी तिरमल सिंह (30) पुत्र नेकराम सिंह सहावर के नगला मोहन में यूकेलिप्टस के बाग में अन्य मजदूरों के साथ पेड़ काट रहा था। इसी बीच पेड़ उसके सिर पर आकर गिर पड़ा इसके कारण उसके सिर पर गंभीर चोट आ गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। साथ में काम कर रहे अन्य मजदूर दौड़कर उसके पास पहुंचे। सूचना पर परिजन मौके पर आ गए। उसका शव देखकर चीत्कार मच गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि बाग में ठेकेदार पेड़ कटवा रहा था। पेड़ काटते समय हादसा होने से मजदूर की मौत हुई है।