आगरा। शमसाबाद रोड स्थित नोफरी गांव में रहने वाले 31 वर्षीय मुक्केबाज कुलदीप तरकर ने मलयेशिया में आयोजित ट्विन इंटरनेशनल प्रो बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जीत हासिल कर देश का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता के 57 किलोग्राम भार वर्ग में कुलदीप ने मेजबान मलयेशिया के मुक्केबाज को नॉकआउट कर जीत दर्ज की। कुलदीप तरकर ने पेशेवर मुक्केबाजी में पहचान बनाने के लिए दो वर्ष पूर्व दिल्ली में प्रशिक्षण शुरू किया था। कुलदीप का कहना है कि यह उनका दूसरा मलयेशिया दौरा था, इस सफलता से उन्हें मुक्केबाजी में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है।
उनकी उपलब्धि पर पिता रामवीर तरकर, पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह, पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह, मुनेंद्र जादौन, प्रदीप भाटी, युवराज परिहार, राकेश चौहान, राजीव चौहान, होशियार सिंह जादौन, अनिल सिंह चौहान, दिनेश प्रताप सिंह, बॉक्सिंग कोच गौरव सिंह ने हर्ष व्यक्त किया है। मुनेंद्र ने बताया कि कुलदीप के रविवार सुबह 8 बजे वंदे भारत ट्रेन से आगरा कैंट स्टेशन पहुंचने पर स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा।