कासगंज। अमांपुर के ग्राम यादगारपुर की राशन की दुकान पर निलंबन की तलवार लटक गई है। डीलर कार्डधारकों के अंगूठा लगवाकर राशन नहीं देता था। एसडीएम सहावर के आदेश पर जांच में मामला सही पाए जाने के बाद डीलर के खिलाफ मामला दर्ज हो गया है।
ग्राम यादगारपुर के राशन डीलर नरेंद्र कुमार कई माह से कार्डधारकों से अंगूठा लगवाने के बाद राशन नहीं दे रहा था। ग्रामीण शैलेंद्र, शकुंतला, मायादेवी, खूबवती ने आरजीएस पोर्टल पर डीलर की शिकायत की। शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लिया। एसडीएम सहावर को मामले की जांच के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक रामशरण को जांच के आदेश दिए। पूर्ति निरीक्षक जब गांव में जांच के लिए पहुंचे तो 30 ग्रामीणों ने अपने बयान दर्ज कराए। डीलर ने पूर्ति निरीक्षक के पास बयान दर्ज कराने नहीं आया। जब पूर्ति निरीक्षक दुकान पर पहुंचे, तो ताला लगा मिला। ताला तोड़ कर जांच की गई। स्टॉक बोर्ड, साइन बोर्ड, रेट बोर्ड अंकित नहीं मिला। खाद्यान्न की कालाबाजारी का मामला सामने आया। पूर्ति निरीक्षक ने रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी। इसके बाद एसडीएम ने डीलर के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने के आदेश जारी कर दिए। एसडीएम के आदेश पर पूर्ति निरीक्षक ने डीलर के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया।
डीलर की दुकान को निलंबित किया जाएगा। तीन दिन का अवकाश होने की वजह से आदेश जारी नहीं हो सका है। अवकाश समाप्त होते ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।- अरुण कुमार, डीएसओ