पटियाली। लोकसभा चुनाव के साथ पर्वों के करीब आते ही प्रशासन माहौल को लेकर अलर्ट हो गया है। इनके चलते शुक्रवार को पटियाली कस्बे में पैरामिलट्री और पुलिस कर्मियों ने पैदल ही मार्च निकाला। अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिया।
उपजिलाधिकारी कुलदीप सिंह व पुलिस क्षेत्राधिकारी विजय कुमार राणा के संयुक्त नेतृत्व में भरगैन एवं पटियाली कस्बे में फ्लैग मार्च निकाला। लाउडस्पीकर के माध्यम से अराजकतत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी ने भी कानून से खिलवाड़ करने की कोशिश की तो वह बख्शा नही जाएगा और उसके खिलाफ सख़्त से सख़्त क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी। अचानक से अधिक संख्या में पुलिस बल को देखकर लोग चकित रह गए और एक दूसरे से अधिक पुलिस बल के बारे में जिज्ञासापूर्वक जानकारी करते देखे गए। अधिकारियों ने लोगों से बातचीत की तथा सुरक्षा का भरोसा दिया। साथ ही रमजान व होली पर्व को शांति पूर्ण व सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।
इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गोविंद बल्लभ शर्मा,वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रदीप मालिक सहित पुलिस कर्मी मौजूद रहे।