अलीगढ़ में मिलावटी शराब से हुई 27 लोगों की मौत के बाद जिले में भी पुलिस और आबकारी विभाग सक्रिय हो गया है। दिनभर शराब के ठेकों पर पुलिस व अन्य अधिकारियों ने स्टॉक चेक किया। वहीं सीओ सिटी ने एक एप के जरिए असली और नकली शराब की पहचान करने की जानकारी शराब पीने के शौकीन लोगों को दी।
सीओ सिटी अभय नरायन राय ने शनिवार को सोशल मीडिया पर इस संबंध में मैसेज साझा किया। उन्होंने बताया कि शराब पीने के शौकीन लोग गूगल प्ले स्टोर में जाकर यूपी एक्साइज स्कैनर अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड करें। जब भी किसी ठेके से जाकर शराब खरीदें, तो सबसे पहले उस शराब की बोतल पर लगे बारकोड को अपने एप से स्कैन करें और यह देखें कि शराब कहां बनी है और वास्तविक विक्रेता के द्वारा बेची जा रही है या नहीं। ऐसा करने मात्र से मिलावटी शराब की बिक्री को रोका जा सकता है और जहरीली शराब पीने से होने वाली मौतों को टाला जा सकता है।