कासगंज। सोरोंजी क्षेत्र के एक गांव में युवक पर तीन लोगों ने चाकू से हमला कर घायल कर दिया। मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
क्षेत्र के गांव कुमरऊआ निवासी भूरे किसी काम से चिलकुनियां पुलिया पर आया हुआ था। इसी दौरान रंजिश के चलते गांव के ही अमित, सुबोध और भीकम सिंह ने युवक की बाइक को रोक लिया और उसके साथ गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने युवक की पिटाई की और उसकी गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में भूरे गंभीर रूप से घायल हो गया। बचाव में उसने चीख पुकार की। आसपास के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल भूरे को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित भूरे ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया युवक की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं। आरोपी घर से फरार हैं। शीघ्र ही गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।