कासगंज। सहावर गए कलेक्ट्रेट कर्मी की शनिवार की शाम हादसे में मौत हो गई। देर रात उनकी अनियंत्रित बाइक सोरोंजी - सहावर मार्ग पर सहावर नगर पंचायत द्वारा बनाए गए स्वागत द्वार से टकरा गई।
कलक्ट्रेट में तैनात लिपिक अजीत रायजादा आवश्यक कार्य से सहावर गए थे। वह देर रात सहावर से लौट रहे थे। इसी बीच सोरों-सहावर मार्गं पर सहावर नगर पंचायत द्वारा बनाए गए स्वागत द्वार से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसे में अजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। राह से गुजर रहे लोगों ने सूचना पुलिस को दी। परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायल अजीत को मामो स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुन अजीत के परिवारीजन चीत्कार कर उठे। अजीत रायजादा के परिवार को सांत्वना देने जिलाधिकारी हर्षिता माथुर उनके सरकारी आवास पर पहुंची। इस दौरान वहां अजीत के अन्य साथी भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी जब बच्चों को ढांढस बंधा रहीं थी इसी दौरान बेटी योगिता (12) फफक पड़ी। वह पिता को याद कर सिसकियां भर कर रोने लगी। लोगों के समझाने के बाद भी उसके आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। अजीत के साथी भी बार-बार कह रहे थे कि उसकी मौत पर यकीन करना संभव नहीं हो रहा। शव का अंतिम संस्कार कछला गंगाघाट पर किया गया।