अंगारों सा दहका दिन, तपती रही रात
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जून के आखिरी सप्ताह में जिस तरह से चिलचिलाती गर्मी पड़ती थी, मौसम के वह तेवर इस साल अप्रैल के तीसरे सप्ताह में ही हो गए हैं। दो महीने पहले ही जून सरीखा अप्रैल ही तप रहा है। दिन अंगारों की तरह से दहक रहा है तो रात में भी गर्म हवा झुलसा रही है। बिजली की भारी कटौती ऐसे मौसम में आफत बनकर आई है।
गुुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री ऊपर 44.2 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 22.6 डिग्री पर पहुंचा। बुधवार के मुकाबले तापमान में मामूली कमी आई, लेकिन लोगों को लू के थपेड़े झुलसाते रहे। सबसे ज्यादा परेशानी उन विदेशी सैलानियों को हो रही है जो ताजमहल देखने आ रहे हैं। विदेशी सैलानियों को अप्रैल में इस तापमान की आदत नहीं है। ऐसे में ताज देखने आने वाले सैलानी कभी ठंडे पानी की बोतल सिर पर रखने तो कभी ठंडा पानी डालने जैसे काम कर रहे हैं। गर्मी से निजात पाने के लिए पर्यटक वाटर चैनल की जगह म्यूजियम साइड वाली पटरियों का प्रयोग कर रहे है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक शुक्रवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री का इजाफा हो सकता है। वीक एंड पर आंधी आने के आसार हैं। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। लू के थपेड़ों से फिलहाल राहत नहीं मिलने वाली।