कासगंज। कछला गंगा घाट पर रविवार की दोपहर कलश विसर्जन यात्रा में आए हाथरस जिले के रति का नगला गांव निवासी बच्चे गंगा में स्नान करते समय डूबने लगे। इस दौरान डूब रहे चार में से दो बच्चों को वहां मौजूद लोगों ने बचा लिया। जबकि एक किशोर और किशोरी की डूबने से मौत हो गई। दोनों की मौत से उनके परिवार में चीत्कार मचा है। जानकारी के मुताबिक रति के नगला गांव में भागवत कथा आयोजित हुई थी। कथा के समापन पर गांव के लोग कलश विसर्जन के लिए कछला गंगा घाट पर पहुंचे। इस दौरान श्रद्धालु गंगा में स्नान करने लगे। कलश विसर्जन यात्रा में किशोर और किशोरी भी आए थे। अन्य लोगों को स्नान करते देख वो सभी भी गंगा में नहाने के लिए छलांग लगा दिए। बताया जाता है स्नान करते समय बच्चे गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। बचाव के लिए बच्चों ने शोर मचाया। इस दौरान गंगा घाट पर मौजूद दुकानदारों ने डूब रहे दो बच्चों को तो बचा लिया। जबकि दो डूब कर लापता हो गए। लापता हुए बच्चों में प्रियांशु 16 पुत्र वीरपाल, शिवानी 12 पुत्री मोहन लाल निवासी रति का नगला जनपद हाथरस की हैं। काफी देर तक बच्चों की तलाश की गई। इस दौरान पहले किशोर का बाद में किशोरी शिवानी का शव बरामद हुआ। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां परीक्षण के बाद डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृत दोनों के परिवार में चीत्कार मचा है।
कासगंज। गंगा स्नान के दौरान डूबकर मरे प्रियांशु के घर का माहौल गमगीन हो गया। किशोर का शव मिलने पर परिवार में चीत्कार मच गया। मृत प्रियांशु भाई बहनों में सबसे बड़ा था । उससे छोटा एक भाई शीतांशु और एक बहन दीप्ती है। बेटे प्रियांशु की मौत के बाद मां रेणुका का रो-रोकर बुरा हाल है।