कुसमरा। क्षेत्र के गांव चिन्हैया में संचालित देसी शराब का ठेका हटाए जाने की ग्रामीणों द्वारा लगातार मांग की जा रही है। रविवार को विधायक किशनी ब्रजेश कठेरिया ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उच्चाधिकारियों से वार्ता कर जल्द ही समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठेंगे।गांव चिन्हैया में बीते माह देसी शराब की दुकान आवंटित हुई है। गांव में शराब की दुकान खुलने से महिलाओं ने विरोध किया तो ठेकेदार द्वारा दुकान बदल दी गई। महिलाओं का आरोप है कि गांव में दुकान खुलने से युवा नशे का शिकार हो रहे हैं और घर में क्लेश पैदा कर रहे हैं। इसी को लेकर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन भी किया था। शुक्रवार को एसडीएम प्रसून कश्यप गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और कहा कि ठेका आबादी से दूर है। इसके बाद भी ग्रामीण ठेका गांव में संचालित न होने की बात पर अडिग रहे। ग्रामीणों में बढ़ रहे विरोध को देखते हुए किशनी विधायक ब्रजेश कठेरिया गांव पहुंचे और उनकी समस्याओं को सुना। विधायक ने कहा कि वर्षों पूर्व मोहकमपुर पुलिया पर शराब ठेके की वजह से दो हत्याएं हुईं थीं। मेरे हस्तक्षेप के बाद वहां से दुकान हटाई गई थी। अगर ग्रामीणों का विरोध है तो प्रशासन को गांव से दुकान हटा देनी चाहिए। अगर प्रशासन ने इस समस्या का समाधान नही किया तो वह ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठेंगे।