दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर आगरा के किसान (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठन अब छह फरवरी को चक्का जाम नहीं करेंगे। अब तहसील और कलक्ट्रेट में ज्ञापन देकर नए कृषि कानूनों की वापसी की मांग करेंगे। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजवीर लवानियां ने बताया कि आंदोलन की अगुवाई कर रहे राकेश टिकैत ने चक्का जाम करने के फैसले को वापस ले लिया है।
अब कार्यकर्ता तहसीलदार और डीएम को ज्ञापन देंगे। किसान नेता चौधरी रामवीर सिंह ने बताया कि चक्का जाम की पूरी तैयारी कर ली थी। मिढ़ाकुर में महापंचायत कर रणनीति भी बना ली थी, अब चक्का जाम नहीं करेंगे, विरोध जारी रहेगा।
किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने बताया कि पुलिस-प्रशासन ने आंदोलन रोकने के लिए नोटिस भी दिए, लेकिन इससे भी किसान नहीं डरे, अपने नेता के कहने पर चक्का जाम नहीं करने का निर्णय लिया है। शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे। सोमवीर यादव, सौरभ चौधरी, सत्यवीर चौधरी, धर्मवीर चौधरी, चंद्रभान पाराशर, प्रदीप शर्मा, मुकेश पाठक, श्याम सिंह चौहान ने तहसील स्तर पर ज्ञापन देने को कहा है।