मैनपुरी जिले में व्यापारी के अपहरण में आरोपी युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। रविवार की सुबह उसका शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना बेवर क्षेत्र के नवीगंज निवासी खाद व्यापारी लालाराम सक्सेना 12 दिसंबर से लापता हैं। उनकी पत्नी माया देवी ने गांव तिलियानी निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य बबलू शाक्य और उसके चालक दिवरनियां के ऋषि यादव पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने मामला दर्ज करने के साथ ही नामजद किए गए बबलू शाक्य को गिरफ्तार कर पूछताछ की। इसके बाद आरोपी ऋषि यादव की तलाश में पुलिस ने शनिवार को उसके गांव दिवरनियां में दबिश दी, लेकिन वो पुलिस के हाथ नहीं लगा।