कासगंज फोटो कथित भाजपा नेता दिलीप पाठक
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। सहावर में मंगलवार शाम को कथित भाजपा नेता ने खुद के लापता होने का हाई वोल्टेज ड्रामा किया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी भी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन रात को ही वह घर आ गया। हालांकि पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी।
सहावर के मोहल्ला हंसनगर निवासी सुरेंद्र पाठक ने मंगलवार शाम सहावर थाना पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उनका बेटा दिलीप पाठक भाजपा नेता है। सुबह कासगंज गया था, लेकिन लौटा नहीं है।
उसका मोबाइल भी बंद है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। सहावर थाना पुलिस की अलग-अलग टीमें रात भर उसे तलाशती रहीं, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। वह स्वयं ही घर आ गया और पुलिस को उसने सूचना भी नहीं दी। पुलिस को अन्य माध्यमों से उसके घर लौटने की जानकारी मिली। पुलिस ने जानकारी में पाया कि कथित भाजपा नेता दिलीप पाठक ने खुद के लापता होने का ड्रामा किया है।
जेई से मारपीट का है आरोपी
पुलिस ने जांच में पाया कि कथित भाजपा नेता दिलीप पाठक विद्युत विभाग सहावर जूनियर इंजीनियर से मारपीट का आरोपी है। काफी दिन पहले जेई ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह जेई पर दबाव बनाने के लिए लापता होने का नाटक कर रहा था।