जयपुर हाउस स्थित जिला कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर के साथ फोटो खिंचवाने को लेकर कार्यकर्ताओं में होड़ मच गई। एक दूसरे को धक्का देने लगे। नौबत यहां तक पहुंच गई कि उनमें लात घूंसे चल गए। कुर्सियां उठाकर पटक दी गई। कई कार्यकर्ता तो राज बब्बर पर जाकर गिरे। यह देख वह हैरान रह गए। जिलाध्यक्ष ने किसी तरह कार्यकर्ताओं को शांत कराया। इसके बाद उन्होंने बारी बारी फोटो खिंचवाए।
उधर, इससे पहले टिकट कटने से नाराज कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष केसामने अपनी नाराजगी जाहिर की। राजबब्बर गुरुवार अपराह्न रोड शो की तैयारियों का जायजा लेने आगरा पहुंचे। सपा से गठबंधन के बाद टिकट कटने से नाराज कार्यकर्ताओं से सरकार बनने पर लालबत्ती देने का वायदा किया। कहा कि शीर्ष नेतृत्व के फैसले के बाद अब सभी कार्यकर्ताओं को गठबंधन प्रत्याशियों को जिताने का काम करना है।
छह माह के बाद आगरा आए प्रदेशाध्यक्ष राजबब्बर अपराह्न बाद बाईपास रोड स्थित शहर कार्यालय में पहुंचे। टिकट वितरण पर असंतोष जताने पर एक पूर्व पार्षद झिड़क दिया। कहा, प्रदेश में सरकार बनने पर टिकट के कम से कम तीन दावेदारों को लालबत्ती दिलवाएंगे। कार्यकर्ताओं से रोड शो की तैयारियों के निर्देश दिए।
राजबब्बर ने जिलाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा के निवास पर पहुंचकर करीब 20 मिनट मुलाकात की। जिला कार्यालय पर बसपा के पूर्व जिला कोआर्डिनेटर रामवीर कर्दम को समर्थकों समेत पार्टी में शामिल किया। उन्होंने पार्टी प्रत्याशियों के साथ बैठक करके रोड शो के लिए विचार विमर्श किया और कांग्रेस प्रत्याशी से मुलाकात करने खेरागढ़ के लिए चले गए। हाजी अबरार, समीर चतुर्वेदी, प्रताप सिंह बघेल, सुरेंद्र रावत कैप्टन, विष्णुदत्त शर्मा, रामअवतार शर्मा, अदनान कुरैशी, संजय तिवारी, गौरव राजपूत, कृष्णा रावत आदि मौजूद रहे।
अब गुस्सा खत्म हो गया है - राज बब्बर
बाद में राज बब्बर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में टिकट न मिलने को लेकर गुस्सा था, अब खत्म हो गया है। अब सभी गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने का काम करेंगे। सपा के पूर्व मुखिया मुलायम सिंह यादव के विरोध के सवाल पर वह चुप रहे।