किरावली। बुधवार को घोषित हुए सीबीएसई हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में केएम पब्लिक स्कूल, किरावली के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। अकोला निवासी किसान एदल सिंह की पुत्री खुशबू ने 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। खुशबू ने अपनी सफलता का श्रेय माता अनीता देवी और पिता को दिया है।
वहीं, सरसा निवासी किसान जितेंद्र सिंह के पुत्र राजकुमार सिंह ने 96 प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय में दूसरा और छात्रों की श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त किया है। विद्यालय के प्रबंधक विनोद कुमार अग्रवाल, अवशेष गर्ग और प्रधानाचार्य नरेंद्र पाल ठैनुआ ने मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।