होली पर घटिया और मिलावटी सामान खपाने की तैयारी कर रहे विक्रेताओं के यहां खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रश्सन (एफएसडीए) की टीम ने छापा मारा। मिलावटी खोआ और एक्सपायर्ड कोल्डड्रिंक-नमकीन नष्ट कराई है। घटिया प्रतीत होने पर 10 क्विंटल मक्का का दलिया भी जब्त किया है। टीम ने विभिन्न खाद्य सामग्री के 26 नमूने जांच के लिए भेजे हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय शशांक त्रिपाठी ने बताया कि टीम ने हाथरस रोड पोइया चौराहा स्थित केजीएन गृह उद्योग के गोदाम पर छापा मारा। यहां मक्का के दलिया से बच्चों के खाने की सामग्री बनाई जा रही थी। इसकी पैकिंग पर निर्माता कंपनी, पता, एक्सपायर्ड तिथि समेत अन्य जानकारी दर्ज नहीं थी। मक्का का दलिया घटिया प्रतीत होने पर 10 क्विंटल सीज कर दिया है। इसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये है। इसी गोदाम में एक्सपायर्ड कोल्डड्रिंक और नमकीन मिली। नमकीन पर निर्माता कंपनी और अन्य जानकारी भी नहीं लिखी थी। टीम ने 14 हजार की कोल्डड्रिंक और 2500 की नमकीन को नष्ट कराया है। इनके नमूने भी लिए हैं।
खोआ मंडी में दुकानदार भागे, 50 किलो कराया नष्ट
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता ने बताया कि टीम ने बालूगंज स्थित खोआ मंडी में छापा मारा तो कई विक्रेता अपनी दुकान बंद कर भाग गए। एक विक्रेता मिला, जिससे खोआ का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया है। टीम शिल्पग्राम में विक्रेता रामप्रकाश के प्रतिष्ठान पर जांच करने पहुंची। खोआ में दुर्गंध आ रही थी, पाउडर मिलाकर बनाने की भी आशंका थी। एसेंस मिलाकर इसको खपाने की तैयारी थी। जांच के लिए नमूना लेकर इसे नष्ट करा दिया है।
गुझिया, पेड़ा समेत 26 नमूने जांच के लिए भेजे
एफएसडीए की छह टीमों ने शहर और देहात में खोआ, गुझिया, पनीर, छेना रसगुल्ला, सब्जी मसाला, बेसन लड्डू, पेड़ा, चाय, जीरा, दूध, दही, फ्रूट क्रश, आलू चिप्स, बताशा, किशमिश, मखाना, अरहर की दाल समेत 26 नमूने लिए हैं।