खंदौली (आगरा)। कस्बे में बृहस्पतिवार की रात पुलिस ने चेकिंग के दौरान बोलेरो से सात बोरों में 235 किलोग्राम चांदी पकड़ी। बोलेरो में हाथरस के चार व्यापारी भी मौजूद थे। वे चांदी का बिल नहीं दिखा सके। इस पर पुलिस ने जांच के लिए चांदी को स्टैटिक मजिस्ट्रेट के सुपुर्द कर दिया।
खंदौली के थाना प्रभारी विपिन कुमार गौतम ने बताया कि वह बृहस्पतिवार की रात पुलिस टीम के साथ पड़ाव चौराहा पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी आगरा की तरफ से आई बोलेरो को रोककर उसकी जांच की गई। बोलेरो में सात बोरे में चांदी की पायल सहित 235 किलोग्राम चांदी मिली। कार में सूरज, रमेश चंद्र, घनश्याम, पुष्पेंद्र अग्रवाल, भूरा अग्रवाल और राकेश निवासीगण घेहचोली थाना सादाबाद, हाथरस सवार थे।
इन लोगों ने पूछने पर बताया कि वे आगरा स्थित लोहार गली से माल लेकर आ रहे हैं। पर, कोई बिल नहीं दिखा सके। इस पर पुलिस ने स्टैटिक टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची स्टैटिक टीम को जांच के लिए चांदी उनकी सुपुर्दगी में दे दी गई है।
चेकिंग के दौरान खंदौली पुलिस ने दो दिनों में दूसरी बार चांदी पकड़ी है। इससे पहले 25 जनवरी को भी पुलिस ने एक कार से 44 किलोग्राम चांदी की सिल्ली पकड़ी थी। पुलिस ने उसे भी स्टैटिक टीम की सुपुर्दगी में दे दिया था। थाना प्रभारी विपिन कुमार गौतम ने बताया कि इसकी जांच आयकर विभाग की टीम द्वारा की जाएगी।