उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने साफ कर दिया कि शासन स्तर पर अभी जनसंख्या नियंत्रण नीति को लेकर कोई निर्णय नहीं हो रहा है। जनता स्वत: संज्ञान ले।
यह बात उन्होंने बृहस्पतिवार को जिला योजना समिति की बैठक के बाद प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री द्वारा दिए गए बयान के संबंध में पूछे गए सवाल पर दी। लखनऊ में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने योगी सरकार द्वारा जल्द जनसंख्या नियंत्रण नीति लाने की बात कही थी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रतिभाओं के लिए खजाना खोल दिया है। सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में टॉप 20 में स्थान पाने वाले छात्रों के गांव और घर तक एपीजे अब्दुल कलाम गौरव पथ का निर्माण कराया जाएगा। शिला पट्टिका पर छात्र का नाम भी अंकित होगा। खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के घर तक मेजर ध्यानचंद विजय पथ बनेगा। साथ ही शहीद जवानों के घर के लिए भी पक्की सड़क बनाई जाएगी।
चौरासी कोसी परिक्रमा का हिस्सा है मैनपुरी
डिप्टी सीएम ने कहा कि मैनपुरी को आदर्श जनपद बनाने का प्रयास किया जाएगा। यहां के पर्यटन स्थल समान पक्षी विहार, च्यवन ऋषि आश्रम, मार्कंडेय ऋषि आश्रम को विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि च्यवन ऋषि, मार्कंडेय ऋषि की तपस्थली ब्रज की चौरासी कोसी परिक्रमा का हिस्सा है। इस जिले के महत्व को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
प्रतिदिन बन रही नौ किलोमीटर सड़क
उप मुख्यमंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन नौ किलोमीटर नई सड़क एवं 11 किलोमीटर पुरानी क्षतिग्रस्त सड़कों का जीर्णोद्धार का कार्य हो रहा है।
कैंसर यूनिट के लिए हो रहे प्रयास
बंद पड़ी कैंसर यूनिट के संबंध में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार कैंसर यूनिट को चालू कराने का प्रयास कर रही है। उम्मीद है जल्द ही इसे शुरू कराया जाएगा। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी पर उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की कमी से पूरा प्रदेश जूझ रहे हैं। सीमित संसाधनों में बेहतर इलाज मुहैया कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कुल 280.77 करोड़ के प्रस्ताव किए पास
वर्ष 2020-21 की प्रस्तावित जिला योजना पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बृहस्पतिवार को मोहर लगा दी। वैसे तो हर विभाग के लिए जिला योजना में प्रस्ताव पास किए गए, लेकिन ग्रामीण रोजगार और सड़कों पर दिल खोल कर खर्चा किया गया है। करीब 66 प्रतिशत धनराशि इसके लिए आवंटित की गई है।
कलक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में जिला योजना की बैठक का आयोजन किया गया। इसके लिए जिले के 37 विभागों ने कुल 280.77 करोड़ के प्रस्ताव पास किए थे। उप मुख्यमंत्री व विधानसभा सदस्यों की उपस्थिति में सभी प्रस्तावों को पास कर दिया गया। प्रत्येक विभाग के लिए आवंटित धनराशि से किए जाने वाले कार्यों पर चर्चा हुई।
जिले के विकास को रफ्तार देने के लिए सबसे अधिक खर्च सड़क व पुल निर्माण के साथ ही ग्रामीण रोजगार पर किया गया। सड़क व पुल निर्माण के लिए 49.64 करोड़ का प्रस्ताव पास किया गया तो ग्रामीण रोजगार कार्यक्रम के लिए 88.45 करोड़ और नवीन ग्रामीण सड़कों के निर्माण के लिए 48.46 करोड़ का प्रस्ताव पास किया गया। इसके अलावा सड़कों के पुनर्निर्माण पर 1.17 करोड़ खर्च किए जाएंगे।