उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश को पिछले 14 सालों में बुआ-भतीजे की सरकारों ने खोखला कर दिया। बुआ-भतीजे की बनाई सड़कों के गड्ढों को अब भाजपा सरकार भर रही है। सरकार बने अब तक 100 दिन भी नहीं हुए और प्रदेश में काम नजर आने लगे हैं। सबका साथ, सबका विकास के नारे के साथ भाजपा सरकार पूरे देश में विकास का परचम फहराएगी।
ये बातें शुक्रवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पुलिस लाइन में आयोजित सबका साथ, सबका विकास सम्मेलन में कहीं। मौर्य ने कार्यक्रम में करीब 20 करोड़ की योजनाओं का उप मुख्यमंत्री ने शिलान्यास भी गया। केंद्र सरकार के तीन साल पूरे होने और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्म शताब्दी वर्ष के मौके पर आयोजित सबका साथ, सबका विकास सम्मेलन का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया।
उन्होंने कहा कि एटा को आदर्श जिला बनाने के लिए सरकार और प्रशासन प्रयासरत है। पुरानी सरकारों ने केंद्र की योजनाओं को गरीबों तक नहीं पहुंचाया। अब हर योजना का लाइन में लगे अंतिम व्यक्ति को लाभ मिलेगा। बुआ-भतीजों की सरकारों ने प्रदेश की सड़कों को गड्ढों में तब्दील कर दिया, जिन्हें भरने का काम भाजपा सरकार कर रही है।
देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता अभियान शुरू किया। स्वच्छता अभियान सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जन आंदोलन है। प्रदेश में सरकार बनते ही किसानों की कर्ज माफी की गई। गेहूं खरीद का भुगतान 24 घंटे में हुआ। बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ अब ट्रांसफार्मर खराब होने पर बदलने का इंतजार नहीं करना पड़ता।
उन्होंने कहा कि सपा की सरकार में जमीनों पर कब्जे हुए हैं। इसके लिए एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स बनाया। इससे पूर्व जिले के प्रभारी मंत्री अतुल गर्ग और सांसद राजवीर सिंह ने संबोधन में भी सरकार की योजनाओं के बारे में लाभार्थियों को बताते उप मुख्यमंत्री के बारे में कसीदे पढ़े।