हैलो..! आगरा कैंट स्टेशन को बम से उड़ाने की तैयारी है। उद्यान आभा तूफान एक्सप्रेस में बम रख दिया गया है। कुछ लोग पूरी तैयारी से स्टेशन पर मौजूद हैं..। सोमवार दोपहर पुलिस कंट्रोल रूम में आई इस फोन कॉल ने अधिकारियों के होश उड़ा दिए। पूरा अमला स्टेशन की ओर दौड़ पड़ा। कई थानों की फोर्स, जीआरपी, आरपीएफ ने स्टेशन पर खड़ी ट्रेनों को घेर लिया। बीडीएस, एंटी सबोटाज टीम के साथ पुलिस ने पूरी ट्रेन और स्टेशन का चप्पा-चप्पा छान मारा। कुछ न मिलने पर राहत की की सांस ली।
श्रीगंगानगर सिटी से हावड़ा को जाने वाली तूफान एक्सप्रेस आगरा कैंट स्टेशन पर दोपहर 12:10 बजे पहुंचती है, मगर इससे पहले ही दोपहर 12:05 बजे पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को शुभचिंतक बताते हुए कहा कि उसने कुछ लोगों को बातचीत करते सुना है कि वह ट्रेन और स्टेशन को बम से उड़ाने वाले हैं। इसके बाद उक्त नंबर से पांच बार कॉल आई। मंडल के सबसे संवेदनशील रेलवे स्टेशनों में शुमार आगरा कैंट को उड़ाने की सूचना पर सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ गए। आगरा कैंट स्टेशन को उड़ाने की कई बार धमकी मिल चुकी है। एसपी जीआरपी गोपेश नाथ खन्ना, एसपी सिटी समीर सौरभ, सीओ सदर असीम चौधरी, सीओ एलआईयू योगेश पाठक फोर्स के साथ स्टेशन पहुंचे। डाग स्क्वाएड की भी मदद ली गई। फायरब्रिगेड की दो गाड़ियां भी पहुंचीं। स्टेशन पर खड़ी तूफान एक्सप्रेस को 36 मिनट तक चेक किया गया। एक-एक यात्रियों का सामान चेक किया। अचानक चेकिंग से यात्रियों में भी दहशत फैल गई। हालांकि सुरक्षा बलों ने उन्हें रुटीन चेकिंग की जानकारी दी। उदयपुर-खजुराहो इंटरसिटी की भी चेकिंग की। तकरीबन एक घंटे तक ट्रेन और स्टेशन पर चेकिंग की गई। आगरा फोर्ट और टूंडला स्टेशन पर भी ट्रेनों को चेक किया गया। लेकिन कुछ नहीं मिला।
वर्जन
किसी शरारती तत्व की हरकत है। कॉल करने वाले की जानकारी की जा रही है। कार्रवाई की जाएगी।
- गोपेश नाथ खन्ना, एसपी जीआरपी