सीएम से मुलाकात कर बाहर आतीं चंदन की बहन औरा मौसी
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज हिंसा में मारे गए चंदन गुप्ता की बहन और मौसी मंगलवार को सीएम योगी से मिलने के लिए लखनऊ पहुंचीं जहां दोनों लोगों की सीएम से एनेक्सी में मुलाकात हुई।
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में चंदन की बहन ने बताया कि सीएम ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। जबकि चंदन को शहीद का दर्जा देने की मांग पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभिजात मिश्रा, चंदन की बहन कीर्ति और मौसी को लेकर मंगलवार सुबह लखनऊ पहुंचे। एनेक्सी में करीब 10 मिनट तक सीएम योगी से उनकी बातचीत हुई।
मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
इसके बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए कीर्ति ने बताया कि सीएम ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है, लेकिन चंदन को शहीद का दर्जा न मिलने से बहन और मौसी निराश दिखाई दीं।
बता दें कि कासगंज में हिंसा के दौरान युवक अभिषेक गुप्ता उर्फ चंदन की मौत के बाद से ही उनका परिवार यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कासगंज बुलाने की मांग कर रहा था।
उनकी मांग ये भी है कि चंदन को शहीद का दर्जा दिया जाए। इसके अलावा परिजन चंदन के नाम से कासगंज में चंदन चौक और उसका शहीदों जैसा सम्मान भी चाहते हैं।
वहीं दूसरी ओर गंजडुंडवारा में धर्मस्थल पर आगजनी के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। सोमवार को गंजडुंडवारा में एक धर्मस्थल में आग लगाने के मामले में पुलिस ने अज्ञात में केस दर्ज किया।
आगजनी की घटना के बाद कस्बा में सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने आपत्तिजनक पोस्ट शेयर किया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसमें से राम सिंह नाम के व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।