फोटो13सहावर गेट के पास एक सराफा की दुकान में चोरों ने दुकान में लगाया नकब। संवाद
कासगंज। सहावर गेट क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास सोमवार की रात चोरों ने एक सराफा की दुकान में नकब लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से लाखों रुपये के सोने व चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस चोरी के खुलासे के प्रयास कर रही है।
गांव पवसरा निवासी विशाल की सहावर गेट के पास सराफा की दुकान है। विशाल ने बताया कि वह मंगलवार की सुबह करीब 8 बजे अपनी दुकान की सफाई करने के लिए आए थे। दुकान का शटर खोलने पर उसने देखा कि अलमारी खुली पड़ी है और सामान बिखरा पड़ा हुआ है। चोर पीछे से गड्ढा खोदकर नकब लगाने के बाद दुकान में घुस गए। सराफा की दुकान में चोरी की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। दुकान में चोरी की सूचना किसी ने फोन कर पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने चोरी के बारे में दुकान स्वामी से पूछताछ की। उसने बताया कि चोर दुकान में रखे लाखों रुपये की कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोर चुरा ले गए। पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए। सदर सीओ आचंल चौहान ने बताया कि सराफा की दुकान में हुई चोरी के खुलासे के प्रयास किए जा रहे हैं। चोरी के खुलासे के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।