कासगंज। गंजडुंडवारा के एक ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस हादसे में मौत की बात कह रही है, जबकि भाई ने साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाते हुए गंजडुंडवारा थाने में तहरीर दी है।
जिला अलीगढ़ में थाना लोधा के गांव रायट निवासी मोंटी पत्नी संध्या को लेकर गंजडुंडवारा के सुजावलपुर स्थित ईंट-भट्ठे पर काम करने आए थे। 10 जून की सुबह करीब 4 बजे मोंटी गंभीर रूप से घायल मिले थे। उनकी उपचार के दौरान अलीगढ़ के जेएनएमसी हाॅस्पिटल में 11 जून को मौत हो गई। बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। गंजडुंडवारा थाने के प्रभारी का कहना है कि मोंटी की मौत छत से गिरने की वजह से हुई है। वहीं, मोंटी के भाई संजय सिंह ने साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भाई को साजिश के तहत गंजडुंडवारा मजदूरी के लिए लाकर मारा गया है। सिर पर प्रहार करके हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा कि मोंटी की मौत हादसा है या फिर हत्या।