कासगंज। अब बोर्ड परीक्षा 2023 के प्रश्नपत्र परीक्षा के दिन ही केंद्र पर पहुंचेंगे। ब्लॉक स्तर पर प्रश्नपत्रों को रखने की व्यवस्था रहेगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने प्रश्नपत्रों के लीक होने के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए व्यवस्थाओं में बदलाव कर दिया है।
बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र परीक्षा से काफी समय पहले जिले को उपलब्ध करा दिए जाते हैं। इन्हें केंद्रों पर डबल लॉकर में सुरक्षित रख दिया जाता है। परीक्षा के दिन प्रश्नपत्रों को टीम की निगरानी में लॉकर से निकाला जाता है। इसके बाद भी प्रश्नपत्रों के लीक होने के मामले सामने आ जाते हैं।
परिषद ने प्रश्नपत्रों के लीक होने की संभावना पर अंकुश लगाने के लिए इस बार व्यवस्था में बदलाव का निर्णय लिया है। इस बार प्रश्नपत्र जिला मुख्यालय से परीक्षा केंद्र पर न पहुंचाकर ब्लॉक स्तर से भेजने की योजना बनाई गई है। अब प्रश्नपत्र पहले से केंद्रों को नहीं भेजे जाएंगे। परीक्षा के दिन ही इन्हें केंद्र पर पहुंचाया जाएगा। परीक्षा से डेढ़ घंटे पहले ब्लॉक पर बनाए जाने वाले केंद्र से यह भेजे जाएंगे। इसके लिए ब्लॉक स्तर के राजकीय या शासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों को चिह्नित किया जाएगा। परिषद से मिले निर्देशों के बाद विभाग ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।
इस बार केंद्रों को एक साथ सभी प्रश्नपत्र नहीं दिए जाएंगे। परीक्षा के दिन ही प्रश्नपत्रों को केंद्र पहुंचाया जाएगा। पहले बैंक के लॉकर में प्रश्नपत्र रखने की तैयारी की गई थी। अब परिषद से ब्लॉक स्तर पर प्रश्नपत्रों को रखने की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। दोनों तरह से तैयारी पूरी कर ली गई है।- एसपी सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक