कासगंज। न्यौली चीनी मिल ने पेराई सत्र 2021-22 के बकाया गन्ना मूल्य के भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दो दिन में 1 करोड़ 8 लाख रुपये का भुगतान किसानों को किया गया है। यह भुगतान खातों में भेजा गया है। किसान काफी समय से बकाया गन्ना मूल्य के भुगतान की मांग उठा रहे थेे। अब किसानों को भुगतान मिलने की उम्मीद जगी है।
पिछले पेराई सत्र का गन्ना किसानों का 35 करोड़ 60 लाख रुपये चीनी मिल पर बकाया है। चीनी मिल ने बकाया का भुगतान नहीं किया है। चीनी मिल का नया पेराई सत्र शुरू हो गया है। बकाया का भुगतान न होने के कारण चीनी मिल के एमडी सहित प्रबंधतंत्र के अधिकारियों के खिलाफ न्यौली समिति के सचिव ने आवश्यक वस्तु अधिनियम में एफआईआर दर्ज कराई है। इसके बाद चीनी मिल पर प्रशासन किसानों के बकाया का भुगतान करने का दबाव बना रहा था। पुलिस ने भी चीनी मिल के प्रबंधतंत्र से बकाया भुगतान के संबंध में बातचीत की। इसमें यूनिट हेड ने शीघ्र भुगतान का भरोसा दिया। शुक्रवार और शनिवार को किसानों के बकाया गन्ना मूल्य में से 1 करोड़ 8 लाख रुपये का भुगतान किया गया। इससे और किसानों के भुगतान की उम्मीद बढ़ी है।
चीनी मिल ने किसानों के गन्ना के बकाया मूल्य का भुुगतान शुरू किया है। दो दिन में 1 करोड़ 8 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। आगामी समय में और भुगतान होगा।- ओमप्रकाश, जिला गन्ना अधिकारी।