कासगंज। एआरटीओ, एआरएम और यातायात पुलिस की संयुक्त चेकिंग टीम के सामने डग्गेमार बस के मालिक ने परिवहन निगम के चालक को पीटा दिया। एआरएम की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप है कि डग्गेमार बस का चालक चेकिंग से बचने के लिए गाड़ी को मोड़कर वापस ले जा रहा था। परिवहन निगम के चालक ने उसका पीछा किया तो बस मालिक ने उसकी पिटाई कर दी। डग्गेमार बस मालिक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।
एआरएम ओम प्रकाश ने बताया कि जिलाधिकारी मेधा रूपम ने संयुक्त चेकिंग के निर्देश दिए थे। वह डग्गेमार वाहनों के खिलाफ 17 जून को अन्य अधिकारियों के साथ कासगंज-अतरौली रोड स्थित हजारा नहर पर चेकिंग कर रहे थे। तभी कासगंज की तरफ से यात्रियों से भरी डग्गेमार बस आती दिखाई दी। बस के चालक ने संयुक्त टीम को चेकिंग करते देखा तो बस को वापस कासगंज की ओर मोड़ लिया। परिवहन निगम के संविदा चालक मिथलेश कुमार ने बिलराम गेट चौराहे के पास बस रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बस मालिक ने उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। तब तक टीम मौके पर पहुंच गई। डग्गेमार बस के आरोपी मालिक को पकड़कर सोरों गेट पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया। मामले में एआरएम ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
मामले से उच्च अधिकारियों को कराया अवगत
एआरएम ने संयुक्त चेकिंग के दौरान निगम चालक की पिटाई मामले से जिलाधिकारी मेधा रूपम, एडीएम राकेश कुमार पटेल, एसपी अंकिता शर्मा, एएसपी राजेश कुमार भारती, क्षेत्राधिकारी सदर आंचल चौहान, क्षेत्रीय प्रबंधक अलीगढ़, उप संभागीय परिवहन अधिकारी को पत्र जारी कर अवगत कराया है।
वर्जन :
संयुक्त चेकिंग के दौरान डग्गेमार बस के मालिक ने निगम के चालक की पिटाई की है। आरोपी को सोरों गेट पुलिस चौकी के सुपुर्द किया गया है। मामले में पुलिस को तहरीर दी है। - ओम प्रकाश, एआरएम
वर्जन :
मामले की अभी कोई जानकारी नहीं है। तहरीर यदि दी गई तो मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। - आंचल चौहान, सीओ सदर