कासगंज। प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा कोरोना टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शुरू किए गए अभियान के अब सार्थक परिणाम सामने आने लगे हैं। जिला में कोरोना टीकाकरण अभियान रफ्तार पकड़ने लगा है।
जनपद वासियों में कोरोना टीकाकरण को लेकर बेरुखी सामने आ रही थी। तमाम लोग पहली डोज लगवाने के बाद अपनी दूसरी डोज लगवाने के लिए निर्धारित केंद्रों पर नहीं पहुंच रहे थे। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लगभग एक सप्ताह से जागरूकता अभियान चला रहे हैं। इसके साथ ही गांव-गांव टीकाकरण शिविर भी लगाए जा रहे हैं। इसके बाद से अब लोगों का रुझान कोरोना का टीका लगवाने के प्रति बढ़ने लगा है। एक दिन में पूरे जिले में 600 से 700 लोगों का टीकाकरण हो रहा है।
टीकाकरण के आंकड़ों पर एक नजर
तिथि पहली डोज दूसरी डोज
25 मई 270 71
26 मई 258 50
27 मई 520 65
28 मई 647 82
जनपद में कोरोना टीकाकरण के लिए लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी शिविर लगाए जा रहे है। इसके बाद से टीका लगवाने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। जागरूकता अभियान जारी रहेगा। -डॉ. अंजुश, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी