कासगंज। ढोलना क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर की मां की डांट से क्षुब्ध होकर बेटे ने स्कूल से आने के बाद घर में फंदा लगाकर जान दे दी। घर से रुपये निकालने पर उसकी मां से फटकार लगाई थी। पिता के घर पहुंचने पर उसका अंतिम संस्कार होगा।
गांव ढोलना निवासी शैलेष कुमार उर्फ टेनेस (11) ने मंगलवार की सुबह घर में रखे कुछ रुपये निकाल लिए। जब मां प्रेमश्री को इसकी जानकारी हुई तो उसने बेटे को डांट फटकार लगाई। उसने चोरी के बारे में मां से इनकार कर दिया तो मां ने पिता को फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद उसने दोपहर के समय स्कूल से आने के बाद कमरे में कुंड़े से साड़ी बांधकर फंदा लगा लिया। उसके छोटे भाई किशन ने उसका शव फंदे पर लटका देखा तो इसकी जानकारी उसने मां को दी। मां ने बेटे का शव फंदे पर लटका देखा तो उसकी चीख निकल गई। मां ने ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से उतरवाया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन बालक के शव को घर ले आए। मृतक बालक कक्षा 6 में पढ़ता था। उसके पिता उदयवीर जयपुर में काम करते हैं। किशोर की मौत के बाद परिजन व पड़ोसी अचंभित रह गए। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि परिजन ने पोस्टमार्टम नहीं कराया है।
मनोचिकित्सक की राय
मोबाइल व टीवी की वजह से बच्चों के मनोविज्ञान में तेजी से बदलाव आ रहा है। अब बच्चे छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाते हैं। उनमें चिड़चिड़ापन, गुस्सा बढ़ रहा है। डांटने या मारने पर कुछ बच्चे आत्मघाती कदम तक उठा लेते हैं। ऐसे में परिजनों को चाहिए कि गंभीर मामलों में बच्चों को थोड़ा शांति और प्यार से हैंडल करें। बच्चे ने पैसे क्यों निकाले? उसे पैसे की क्यों जरूरत थी? इस पर आराम से बात की जाती तो शायद बच्चा डरकर ऐसा कदम नहीं उठाता। -डॉ. दीपक राज, मनोचिकित्सक