पटियाली में दिवंगत फौजी कमलेश को गारद सलामी देते सैनिक
- फोटो : संवाद
पटियाली। कोतवाली क्षेत्र में एक फौजी का बीमारी के चलते निधन हो गया। रविवार को फौजी का शव सैनिक सम्मान के सााि गांव में पहुंचा तो परिवार में चीत्कार मच उठा। गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सैनिक सम्मान के साथ दिवंगत फौजी को अंतिम विदाई दी गई।
ग्राम नगला अक्साई निवासी कमलेश पाल (35) आसाम बटालियन में आर्मी जवान के पद पर तैनात थे। उनकी पोस्टिंग मणिपुर में थी। करीब एक माह पूर्व वह बीमार हो गए। उनका इलाज कोलकाता के अस्पताल में चल रहा था। शनिवार को इलाज के दौरान सैनिक कमलेश पाल की मौत हो गई। रविवार को उनका शव सैनिक गांव में लेकर पहुंचे। गांव में सैनिक सम्मान के साथ सैनिक का अंतिम संस्कार किया गया। सेना की टुकड़ी के गारद ने उन्हें सैनिक सम्मान के साथ सलामी दी। इस दौरान उपजिलाधिकारी प्रदीप कुमार विमल, सीओ राजकुमार पाण्डेय, नायव तहसीलदार मुकेश कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम कश्यप भी मौके पर पहुंचे और राजकीय सम्मान के साथ कमलेश पाल को नम आंखों से अंतिम विदाई दी और उसके परिवार को ढांढस बंधाया। गांव के व आस पास के लोगों ने पहुंचकर सैनिक की पार्थिव देह पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।