कासगंज। बरेली रेल मार्ग पर इंजीनियरिंग विभाग द्वारा रेलवे लाइनों की बैलास्ट मशीन द्वारा मरम्मत किया जा रहा है। इस कार्य के चलते रेलवे ने कासगंज-काशीपुर जाने वाली ट्रेन के समय में बदलाव किया है। अब यह ट्रेन कासगंज जंक्शन से दोपहर 3:20 बजे रवाना होगी।
रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग द्वारा नगरिया से कासगंज सिटी के मध्य लाइनों की मरम्मत का कार्य 3 दिसंबर को शुरू किया। बीसीएम मशीन से लाइनों पर गिट्टी डालने का कार्य किया। इसके लिए विभाग ने अलग-अलग दिन कार्य करने के लिए ब्लॉक लिया। इसके बाद कासगंज सिटी से कासगंज जंक्शन के मध्य कार्य को पूरा किया । नगरिया-उझानी-बदायूं के मध्य 31 दिसंबर को कार्य शुरू होना था, लेकिन 30 दिसंबर को ही कर्मियों ने कार्य को शुरू किया। 15 फरवरी तक ब्लॉक लेकर यह कार्य किया जाएगा। मरम्मत कार्य के चलते रेलवे ने कासगंज से काशीपुर की ओर जाने वाली ट्रेन संख्या 05336 के समय में बदलाव किया है। पहले यह ट्रेन दोपहर 1.40 बजे जंक्शन से काशीपुर के लिए रवाना होती थी। अब यह ट्रेन 15 फरवरी तक कासगंज से दोपहर 3.20 बजे चलेगी। सोमवार को ट्रेन 3.40 बजे जंक्शन से काशीपुर के लिए रवाना हुई।