कासगंज। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने पटियाली के सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में लोगों की समस्याओं को सुना। अधिकारियों को डीएम ने समय से समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने फरियादियों को उनकी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण किए जाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचने वाले फारियादियों की कोराना जांच भी कराई गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए। भूमि विवादों की शिकायत अधिक रहीं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में टीमें भेजकर तुरंत पैमाइश कराएं और सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटवाए जाएं। उन्होंने लोगों से कहा कि इस वर्ष त्योहारों को पिछले वर्ष की तरह प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मनाया जाएगा। संपूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद, पट्टा आवंटन, अवैध कब्जे, पैमाइश, गन्ना मूल्य भुगतान, पेंशन, आवास, फौती दर्ज कराने, राशन वितरण, विद्युत आदि की शिकायतें आईं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सोनकर, मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप सिंह सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।