कासगंज। करवा चौथ का पर्व जिले में परंपरागत तरीके से मनाया गया।16 शृंगार में सजी सुहागिनों ने चलनी की ओट से चांद और पति को निहारा। गौरी से पूजा का मान रखने और सुहाग को अमर रखने की कामना की गई। वहीं नवविवाहिताओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह रहा।
पर्व को लेकर महिलाओं ने सुबह से तैयारियां शुरू कर दी थीं। घरों में पकवान बनाने के बाद शाम को सुहागिनों ने 16 शृंगार से सजना शुरू कर दिया। सजधज के बाद माता गौरी के समक्ष पूजा-अर्चना की गई। माता से पति की लंबी आयु की कामना की गई। बायना मंसने के बाद सास, ससुर, जेठ, जेठानी को दिया गया। देर शाम चांद को अर्घ्य देकर उपवास तोड़ा गया।
चांद निकल आया क्या ?
चांद के दीदार को महिलाओं में खासी बेचैनी देखी गई। सांझ ढलने के बाद उन्होंने बच्चों को छतों पर भेज दिया, ताकि बच्चे चांद निकलने की जानकारी दे सकें। वे बच्चों से बार-बार पूछती रहीं कि चांद निकल आया क्या? जैसे ही बच्चों ने चंद्रमा निकलने की जानकारी दी, उनके चेहर खिल उठे।
खूब हुई आतिशबाजी
चांद के निकलने के साथ ही बच्चों ने आतिशबाजी शुरू कर दी। तरह-तरह के पटाखे चलाए गए। इससे आसमान सतरंगी नजारों से जगमग हो गया। पटाखों की तेज आवाज वातावरण में गूंजती रहीं।
साजन ने जल पिलाकर खुलवाया उपवास
चंद्रमा के पूजन के बाद पति ने अपने हाथों से पत्नी को को जल पिलाकर उपवास खुलवाया। मिष्ठान भी खिलाया गया। उपहार पाकर सुहागिनों के चेहरे खिल गए।
पंजाबी समाज ने की सामूहिक पूजा
करवाचौथ पर्व पर पंजाबी समाज ने किशन आनंद के आवास पर सामूहिक पूजा, अर्चना की। समाज की महिलाओं ने विधि विधान से पूजा कर पति की लंबी आयु की कामना की। इसके बाद उपवास खोला। इस दौरान रामानंद, मनजीत आनंद ,शोभना आनंद,रंजीत कोहली, उर्वशी कोहली ,मोनिका कोहली, रेनू कालरा,सोनिया कालरा,अदिति कालरा ,नीरू मदान,रेखा भसीन, जैसलीन चंदौक,भावना सैठी, मेघा सेठी, दीप्ति कोहली, वर्षा सेठी, जया कमलेश कोहली, निम्मी चंडौक आदि मौजूद रहीं।