अलीगढ़, आगरा से भी जुड़े हैं कारतूस तस्करी के तार
सरगना कारतूस सप्लायर सहित चार जा चुके हैं जेल, खरीदाराें की भी हो रही तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला(फिरोजाबाद)। कारतूस तस्करी के नेटवर्क का दायरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। फिरोजाबाद, अमरोहा, प्रतापगढ़ ही नहीं अलीगढ़, आगरा सहित कई जिलों व अन्य राज्यों से भी तस्करी के तार जुड़े हुए हैं। जीआरपी व एसआईटी की टीमें गिरफ्तार कर जेल भेजे गए शातिर अपराधियों से हुई पूछताछ के बाद नेटवर्क से जुड़े अपराधियों के साथ ही ऐसे अपराधियों की तलाश में भी जुटी है, जो तस्करों से कारतूस व पिस्टल आदि खरीदकर अपराध करते थे। पुलिस के मुताबिक जल्द ही ऐसे अपराधी भी पुलिस गिरफ्त में होंगे।
राजकीय रेलवे पुलिस ने टूंडला जंक्शन से 22 अप्रैल को फिरोजाबाद के कारतूस तस्कर दो सगे भाई सादाब व फैजान को गिरफ्तार कर उनके पास से 700 कारतूस बरामद किए थे। जांच जैसे जैसे आगे बढ़ रही हैं, इसमें नए-नए तथ्य सामने आ रहे हैं। रेलवे के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक के मुताबिक, 25 हजार के इनामी मुख्य सरगना कारतूस सप्लायर प्रतीक सक्सेना, कारतूस सप्लायर व पिस्टल खरीद फरोख्त करने वाला आशीष मिश्रा शातिर अपराधी हैं, जो लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त हैं। पुलिस उनके बताए गए ठिकानों पर दबिश दे रही है। इन शातिरों ने किन-किन अपराधियों को कारतूस, पिस्टल बेचे हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें जुटी हुईं हैं। जीआरपी इंस्पेक्टर योगेन्द्र सिंह ने बताया कि अपराधियों का नेटवर्क कुछ जिलों में नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश, बिहार समेत अन्य राज्यों के कई जिलों में फैला हुआ है, जिनमें फिरोजाबाद, अमरोहा, प्रतापगढ़ ही नहीं आगरा, अलीगढ़, मेरठ, आजमगढ़ आदि सहित तमाम जिले हैं। उनकी टीमें अपराधियों के ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही और अपराधी पुलिस गिरफ्त में होंगे ।