आगरा। आईपीएल के अपने पहले ही सीजन में शानदार प्रदर्शन कर देशभर में चर्चा बटोरने वाले युवा क्रिकेटर कार्तिक शर्मा की सफलता के पीछे उनकी मेहनत के साथ-साथ परिवार की गहरी आस्था भी जुड़ी हुई है। 14 करोड़ से अधिक की बोली लगने और पहले आईपीएल में प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद कार्तिक शर्मा गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव के दर्शन कर सफलता के लिए आभार व्यक्त किया। परिजन के अनुसार कार्तिक ने सोमनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और अपने क्रिकेट सफर में मिली सफलता के लिए भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।
मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर निवासी कार्तिक शर्मा लंबे समय से आगरा में रहकर क्रिकेट अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने कोच लोकेंद्र चाहर के मार्गदर्शन में अपने खेल को निखारा और लगातार मेहनत के दम पर घरेलू क्रिकेट से आईपीएल तक का सफर तय किया। कम उम्र में मिली इस बड़ी सफलता ने उन्हें युवा खिलाड़ियों के बीच प्रेरणा बना दिया है।
कार्तिक के पिता मनोज शर्मा ने कहा, हमारा परिवार हमेशा से भगवान शिव में आस्था रखता है। कार्तिक ने बचपन से बहुत संघर्ष किया है और हर कठिन समय में हमने भगवान पर भरोसा रखा। जब उसका पहला आईपीएल मैच था, तब हमने मनकामेश्वर मंदिर तक नंगे पैर जाकर प्रार्थना की थी। आज उसकी सफलता के बाद सोमनाथ जाकर भगवान का धन्यवाद करना हमारे लिए बेहद भावुक पल रहा।