किशनी। घर में बिजली की सुविधा न होने के कारण सड़क किनारे बिजली के खंभे की लाइट से पढ़ने वाले करन को अब कान्वेंट स्कूल का सहारा मिल गया है। सोशल मीडिया पर करन का फोटो वायरल होने के बाद कस्बा स्थित राइजिंग सन स्कूल के प्रबंधक ने छात्र को निशुल्क शिक्षा देने का निर्णय लिया है। क्षेत्र के कुछ युवाओं ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में एक पांच साल का बच्चा सड़क किनारे लगे बिजली के पोल पर लगी लाइट की रोशनी से पढ़ाई कर रहा था। बच्चे ने अपना नाम करन बताया। बच्चे ने बताया कि पिता राजू की सात साल पहले मौत हो चुकी है। मां दूसरों की मजदूरी करती है। बच्चे ने कहा था वह अच्छी शिक्षा पाना चाहता है। लेकिन आर्थिक स्थिति अच्छी न होने के कारण उसकी मां किसी अच्छे विद्यालय में उसका दाखिला नहीं करा पाई। करन का ये वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तमाम लोगों के फोन बच्चे का दाखिला कराने के लिए आने लगे।
नगर में संचालित राइजिंग सन इंटर कॉलेज के प्रबंधक राहुल तोमर को जानकारी मिली तो उन्होंने करन का एडमिशन नि:शुल्क करने की बात कही। मंगलवार को करन अपनी मां के साथ विद्यालय पहुंचा । विद्यालय के चेयरमैन रवि तोमर जी ने तत्काल बच्चे का एडमिशन कर लिया। विद्यालय के चेयरमैन रवि तोमर और प्रबंधक राहुल तोमर ने बताया कि जब तक करन इस विद्यालय में पढ़ेगा किसी भी प्रकार की कोई फीस नहीं ली जाएगी। पूरा खर्चा विद्यालय ही उठाएगा।
अच्छे स्कूल में दाखिले से खुशी से झूम उठा करन
नगर के कान्वेंट स्कूल में एडमिशन होते ही करन बहुत खुश हो गया। उसके चेहरे पर एक अलग ही रौनक देखने को मिली। उसका कहना था कि अब उसे सड़क किनारे बिजली के खंभे की रोशनी में नहीं पढना पड़ेगा और उसका पुलिस बनने का सपना पूरा हो जाएगा।
मां की आंखों से छलके खुशी को आंसू
करन का अच्छे स्कूल में एडमिशन होते देख मां की ममता झलक पड़ी । मां की आंखों से खुशी को आंसू छलक पड़े। वो भी काफी खुश थी कल तक जिस बच्चे की पढ़ाई के लिए पैसे नहीं थे वह नगर के सबसे अच्छे स्कूल में पढ़ाई करेगा।