किशनी। नगर व क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से जहांकिसानों की फसलों को नुकसान हुआ है वही सावन माह में मार्ग से गुजरने वाले कांवडिय़ों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़कों पर गड्ढे होने से सावन के महीने में कांवडिय़ा फिसल रहे हैं और उनकी कांवड़ खंडित हो रही है। क्षेत्रीय लोगों ने जिलाधिकारी से जर्जर मार्गो को ठीक कराने की मांग की है।
नगर निवासी सूर्यप्रताप चौहान, रमेश गुप्ता, दिनेश शर्मा जावेद खान, आदि ने बताया कि पिछले कई वर्षों से रामनगर मार्ग, आईटीआई मार्ग, मंडी मार्ग आदि उखड़े पड़े है। सावन माह में रामनगर मार्ग पर श्रृंगिरामपुर से कांवड़ लेकर शिवभक्त निकलते है। इन मार्गो पर रात दिन आवागमन होता है। बरसात के बाद हालात और नर्क से हो गए हैं। मार्गों पर पैदल चलना मुश्किल है। कांवड़ लेकर जाने वाले शिवभक्त गड्ढो में हुए कीचड़ में फिसलकर गिर जाते हैं।
मध्यप्रदेश के भिंड जनपद के लहर निवासी शिवभक्त मनोज राजावत ने बताया कि वह कांवड़ लेकर आ रहे थे। उनकी कांवर सभापुर गांव में गड्ढों में हुए कीचड़ में पैर जाने से गिर गई और उनकी कांवर खंडित हो गई। ऐसे कई शिवभक्तों की कांवड़ गड्ढो में हुए कीचड़ के कारण खंडित हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने डीएम से मार्गों को ठीक कराने की मांग की है।