सोरोंजी के लहरा गंगाघाट से 551 लीटर गंगाजल लेकर जाते आगरा के कांवड़िए।
सोरोंजी। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को भगवान भोलेनाथ का गंगाजल से अभिषेक करने के लिए कांवडि़यों की टोलियां लगातार गंगाघाटों पर पहुंच रही हैं। जय जय शिवशंकर के जयकारों के बीच भोले के भक्त कांवड़ भरकर गंतव्य की ओर जा रहे हैं। चेहरे पर आस्था का भाव लेकर कांवड़िये भागते, दौड़ते गंतव्य की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।शनिवार को बड़ी संख्या में कांवड़िये परिवहन निगम, निजी बसों, लोडर वाहनों व अन्य माध्यमों से तीर्थनगरी पहुंचे। यह सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। लहरा गंगाघाट पर कांवड़िये लगातार टोलियों में कांवड़ भरकर ले जाते रहे। शाम तक काफी कांवड़ियों की टोलियां विभिन्न मार्गों पर नजर आ रहीं थीं। भोले की महिमा का गायन किया जा रहा था। तीर्थनगरी का कांवड़ बाजार भी गुलजार नजर आया। यहां कांवड़िये कांवड़ व सजाने के सामान की खरीदारी कर रहे थे। वहीं कलश कांवड़ ले जाने वाले कांवड़िये भी खरीदारी करते नजर आए। इधर, लहरा घाट पर जलस्तर बढ़ जाने के कारण कांवड़ियों के निकलने के मार्ग पर पानी भर गया। जिससे कांवड़ियों को दिक्कत हुई। इंस्पेक्टर जगदीश सिंह ने मार्ग में जगह-जगह मिट्टी डलवाकर मार्ग को सही कराया। जिससे कांवड़ियों की टोलियां निकल सकीं। वहीं, आगरा के कांवड़ियों की एक टोली रथ कांवड़ में 551 लीटर गंगाजल लेकर रवाना हुई। कांवड़ियों की टोली में योगेश, सोनू, मोहित, राहुल, आशीष व प्रमोद शामिल थे। कांवड़ियों ने बताया कि वह आगरा के खंदौली मलुपुरा से कांवड़ भरने आए थे। यह कांवड़िये श्रावण मास के अंतिम सोमवार को वनखंडी महादेव मंदिर पर लोक कल्याण के लिए कांवड़ के जल से अभिषेक करेंगे।