कुलकुलबाजी में तीसरे दिन का मुकाबला हाईवे स्थित कुबेरपुर के उत्तम कोल्ड
स्टोरेज के पास मैदान में देखने को मिला। इसमें कालू भाई की टीम ने लगातार
दूसरी बार भी बाजी मार ली। उन्होंने अपने पाले में सर्वाधिक 49 कबूतर
उतारे।
हाईवे स्थित कुबेरपुर के मैदान में शनिवार को तीसरे दिन रोचक
मुकाबला देखने को मिला। कालू भाई के कबूतरों ने उस्ताद का सीना चौड़ा किया
और दर्शकों की वाह वाही लूटी। अलग-अलग टीमों के परिंदे जब आजाद हुए तो
आसमान चहचहाने लगा। उस्तादों के इशारे पर पंख पसारकर परवाज भरते कुलकुल
रोमांचित कर देते। एक पल में आकाश और जमीन की दूरी नाप लेते, दाना दिखाने
पर ठिया पर आते और दूसरी पाली के कबूतरों को भी संग ले आते। प्रतियोगिता
में लगभग दो हजार कबूतरों ने उड़ान भरी। तीसरे दिन भी छह टीमों ने भाग
लिया। फीरोजाबाद के बंटी उस्ताद व हाशिम उस्ताद ने 43, आगरा के कालू भाई,
सूकी पहलवान व उस्ताद दिनेश चौधरी (बेगम ड्योड़ी) ने 49, संगू भाई, मौनू
भाई व भूरा खलीफा (कोले की टाल प्रभु सिनेमा) ने 38, बालो भाई, नूर मोहम्मद
खलीफा (बेगम ड्योड़ी) ने 17, मोहम्मद सलीम उस्ताद, किच्चू उस्ताद (नाई की
मंडी) ने 13, हौला उस्ताद (ताजगंज) ने 24 कबूतरों को अपने पाले में उतारा।
लगातार दूसरे दिन भी कालू भाई की टोली ने सर्वाधिक 49 कबूतरों को अपने पाले
में उतारकर जीत हासिल की। रविवार को चौथे दिन का मुकाबला बिचपुरी के रेलवे
फाटक आठ के पास मैदान में होगा।