आगरा के संजय प्लेस में जिस किशोरी से दुष्कर्म की घटना हुई, उसे पुलिस ने खोज निकाला। किशोरी के बयान देने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जुनैद को घेर लिया। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी है। आरोपी से पुलिस ने एक तमंचा भी बरामद किया है।
दो दिन पहले एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें किशोरी के साथ दुष्कर्म की बात सामने आई थी। उसमें दो युवक नजर आ रहे थे। इस पर पुलिस की ओर से दो युवकों जुनैद और आसिफ के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पीड़ित किशोरी हरीपर्वत क्षेत्र की रहने वाली निकली। उसने अपनी उम्र 17 साल बताई है। खुद को एससी वर्ग से बताया।
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह शनिवार को संजय प्लेस आई थी। तभी दोनों युवक मिले। उसे रुपयों का लालच देकर अपने साथ ले गए। जन्माष्टमी होने की वजह से मार्केट बंद था। वह बेसमेंट में ले गए। उसके साथ दुष्कर्म किया। वह घर चली गई। डरी हुई थी। इस वजह से सामने नहीं आई।
उधर, पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि वीडियो आसिफ ने बनाया था। वह जुनैद से रुपये लेना चाहता था। 11 हजार ले लिए थे। इसके बावजूद रकम मांग रहा था। न देने पर वीडियो वायरल किया। दोनों आरोपियों की पुलिस तलाश में जुटी हुई थी।
बीती रात पुलिस ने सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी जुनैद को घेर लिया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर किए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पैर में गोली लगने से जुनैद घायल हो गया। पुलिस ने उसे दबोच लिया। एसीपी हरीपर्वत ने बताया कि उसके दूसरे साथी की तलाश जारी है।