कोसीकलां (मथुरा)। गांव बुखरारी में महाराष्ट्र से आए एक कामगार संदिग्ध ग्रामीण को लेकर पूरा गांव बेहद सतर्क हो गया। सर्वसम्मति से गांव में अब नियम बना दिया कि अस्पताल में बिना जांच कराए गांव में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। अगर किसी ने भी इस नियम को तोड़ा तो उस पर 11 हजार रुपये का आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा। ग्रामीण इसका पालन कर रहे हैं।
बुखरारी के प्रधान कान्हा सिंह ने बताया कि गांव में महाराष्ट्र से आए एक व्यक्ति का स्वास्थ्य खराब होने के बाद पूरा गांव सतर्क हो गया है। हालांकि उन्हें किसी प्रकार के संक्रमण की खबर नहीं है। उन्हें केवल सर्दी जुकाम है। लेकिन ग्रामीण की स्थिति ने उन्हें गांव को सुरक्षित रखने का ख्याल ग्रामीणों को दे दिया है। लिहाजा ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से अब नियम बना दिया है कि बाहर काम कर रहे ग्रामीण अगर गांव में आएंगे तो पहले उन्हें केडी भेजकर जांच करानी होगी। तभी वे परिवार से मिलने दिए जाएंगे।
रविवार को भी दिल्ली से आए कृष्ण वीर एवं गोपाल को ग्राम प्रधान कान्हा सिंह ने गांव से बाहर ही रोककर उन्हें जांच के लिए लेटर पैड पर अपील करते हुए केडी मेडिकल अस्पताल भेज दिया। पूरे गांव ने निर्णय किया है कि अगर किसी ने भी बिना बताए गांव में प्रवेश किया तो उस पर 11 हजार का आर्थिक दंड भी दिया जाएगा।