एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को माध्यमिक विद्यालयों की जनपदीय और मंडलीय जिमनास्टिक प्रतियोगिता हुई। जनपदीय प्रतियोगिता के बालक वर्ग में डीवीएसएस खालसा इंटर कालेज और बालिका वर्ग में एंग्लो बंगाली गर्ल्स इंटर कालेज सभी वर्गों में विजेता रहे। मंडलीय प्रतियोगिता में आगरा जनपद ने बाजी मारी। फीरोजाबाद दूसरे स्थान पर रहा। मथुरा की टीम ने प्रतिभाग ही नहीं किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन जनपदीय क्रीड़ा समिति की कोषाध्यक्ष डा. मधुबाला चौहान, सचिव डा. चतुर सिंह ने किया। बालक वर्ग के सब जूनियर में पंचशील इंटर कालेज, जूनियर वर्ग में व्यास इंटर कालेज, सीनियर वर्ग में संत आशाराम इंटर कालेज ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर सब जूनियर में एमडी जैन इंटर कालेज, जूनियर वर्ग में पंचशील इंटर कालेज और सीनियर वर्ग में एमडी जैन इंटर कालेज रहे।
बालिका वर्ग के सब जूनियर में रामस्वरूप सिंघल इंटर कालेज दूसरे, व्यास इंटर कालेज तीसरे, जूनियर और सीनियर वर्गों में रामस्वरूप सिंघल कालेज दूसरे, पंचशील इंटर कालेज तीसरे स्थान पर काबिज हुए। निर्णायकों में हरीओम सविता, सत्यवीर सिंह, मोहम्मद रवि, आनंद बाबू रहे।
मंडलीय प्रतियोगिता के परिणाम
आगरा। मंडलीय प्रतियोगिता में आगरा 135.8 अंक लेकर पहले, 71.5 अंकों के साथ फीरोजाबाद दूसरे, 22.1 अंक पाकर मैनपुरी तीसरे स्थान पर रहा। उद्घाटन संयोजक प्रधानाचार्य अशोक वर्मा, प्रधानाचार्या डा. कुमुद ग्रोवर ने संयुक्त रूप से किया। संचालन कैप्टन जयवीर सिंह यादव ने किया। डा. यतेंद्र पाल सिंह, मंडलीय क्रीड़ा सचिव डा. अनिल वशिष्ठ मौजूद रहे।